Please wait

राजस्थान में शाम पांच बजे तक 68.24 प्रतिशत मतदान

इस चुनाव में कुल 1863 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में कुल 5 करोड़ 26 लाख 90 हजार 146 मतदाता हैं। शाम 06 बजे तक मतदान होगा। नतीजे 03 दिसंबर को आएंगे।

25 Nov 2023

राजस्थान में शाम पांच बजे तक 68.24 प्रतिशत मतदान

जयपुर। राजस्थान विधानसभा की 199 सीटों के लिए मतदान अब अंतिम चरण में है। प्रदेश में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक 68.24 प्रतिशत मतदान हो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार इस दौरान पोकरण में सर्वाधिक 81.12 फीसदी मतदान हुआ। तिजारा में 80.85 और बाडी में 79.24 प्रतिशत मतदान हो चुका है। पांच बजे तक सबसे कम 57.36 फीसदी मतदान मारवाड़ जंक्शन में हुआ है। इस चुनाव में कुल 1863 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में कुल 5 करोड़ 26 लाख 90 हजार 146 मतदाता हैं। शाम 06 बजे तक मतदान होगा। नतीजे 03 दिसंबर को आएंगे।

राजस्थान की 200 में से 199 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार सुबह 07 बजे से मतदान जारी है। राज्यपाल कलराज मिश्र और प्रथम महिला सत्यवती मिश्र ने सरदार पटेल मार्ग, सी स्कीम, जयपुर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय रेजिडेंसी मतदान केंद्र में मतदान किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर सरदारपुरा के महामंदिर इलाके में जैन स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर पत्नी के साथ मतदान किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने कोटा, विधानसभा अध्यक्ष डाॅ सी.पी. जोशी ने नाथद्वारा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, झालावाड़, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने बीकानेर और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जयपुर के सी स्कीम स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ पर असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया अपनी पत्नी अनीता कटारिया के साथ मतदान करने पहुंचे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रातानाड़ा के एक पोलिंग बूथ पर परिवार सहित वोट डाला। नाथद्वारा से भाजपा प्रत्याशी विश्वराज मेवाड़ ने वोट दिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने चित्तौड़गढ़ में सामुदायिक भवन, मधुबन सेती के मतदान केंद्र पर अपना वोट किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल, गांधी नगर स्थित मतदान केंद्र संख्या-53 में मतदान किया।

राजस्थान में छिटपुट विवाद को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। भरतपुर जिले के डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक स्कूल द्वारकापुर में बूथ पर प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। पोलिंग पार्टी को जान बचाकर भागना पड़ा। विवाद इतना बढ़ गया कि बूथ पर ही लोग एक-दूसरे पर हमला करने लग गए। पथराव किया। कुर्सिंयां फेंक दीं। कामां में भी दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए।

धौलपुर जिले के बाड़ी विधानसभा क्षेत्र में खुले का पूरा गांव में बूथ कैप्चरिंग करने की कोशिश की गई। यहां लोगों की फ्लाइंग स्क्वॉड के मजिस्ट्रेट हरिओम सिरवार से झड़प हो गई। गाड़ी में तोड़फोड़ कर ड्राइवर से मारपीट की। कैमरामैन का कैमरा और फोन छीनकर ले गए। इसके बाद गांव के दो पक्षों के बीच फायरिंग और पत्थरबाजी हुई। घटना में मजिस्ट्रेट के ड्राइवर सहित तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

बाड़ी विधानसभा क्षेत्र के रजई कला गांव में भी फायरिंग का मामला सामने आया है। कंचनपुर के एक मतदान केंद्र पर बसपा प्रत्याशी जसवंत गुर्जर और भाजपा प्रत्याशी गिर्राज मलिंगा के समर्थक आमने-सामने हो गए। वहीं अब्दुलपुर गांव में दो पक्ष आपस में भिड़ गए और पथराव कर दिया। सीकर के फतेहपुर शेखावाटी में दो गुटों में झगड़ा हो गया। दोनों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। घटना बोचीवाल भवन के पीछे बूथ संख्या 128 से 200 मीटर दूर मोहल्ले में हुई। पथराव में एक कॉन्स्टेबल समेत तीन लोग घायल हो गए। मौके पर सुरक्षाबल तैनात किया गया।

चूरू के सरदारशहर के एक बूथ पर कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प भी हुई है। जोधपुर के लूणी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी जोगाराम पटेल के कार्यालय पर हमले का आरोप है।

किशनपोल में फर्जी वोटिंग को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए वहीं सीकर के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में पत्थरबाजी से माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में सुरक्षाबलों की समझाइश से मामला शांत किया गया। इस बीच झालावाड़ और उदयपुर में मतदान के लिए लाइन में लगे दो बुजुर्गों की मौत हो गई। वहीं, अजमेर के पुष्कर में एक बुजुर्ग की वोट देने के बाद घर पहुंचते ही मौत हो गई। वहीं कुछ जगह पोलिंग कर्मियों की तबीयत बिगड़ गई।

झालावाड़ और उदयपुर में वोटिंग की लाइन में खड़े दो बुजुर्ग मतदाताओं की भी मौत हुई है। टोंक के निवाई विधानसभा क्षेत्र में 113 साल की वोटर भूली देवी ने भी वोट डाला।

Ad Image
Comments

No comments to show. Log in to add some!

Other Relevant Stories







Download The Taaza Tv App Now to Stay Updated on the Latest News!


play store download
app store download
app img


Breaking News